एक करोड़ की लागत से तैयार किया गया इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेट्री
कैंसर से जुड़ी जांच, हार्मोनल टेस्ट शामिल, मरीजों नहीं जाना पड़ेगा दूसरे जनपद
महराजगंज। महिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रभावी पहल की गई है। महिला अस्पताल के चौथे फ्लोर पर इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेट्री की स्थापना की जा रही है। लैब तैयार हो चुकी है। लैब के सुचारू होने के बाद मरीजों को एक ही स्थान पर 117 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेट्री में उन जांचों की सुविधा भी मरीजों को मिलेगी जो अभी तक जनपद में उपलब्ध नहीं थीं। इनमें कैंसर से जुड़ी जांच, हार्मोनल टेस्ट सहित कई महत्वपूर्ण और जटिल जांचें शामिल हैं। इस अत्याधुनिक लैब के शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। खासतौर पर गंभीर बीमारियों के समय पर निदान में यह लैब अहम भूमिका निभाएगी।
लैब का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था यूपी सीएलडीएफ, गोरखपुर प्रखंड के माध्यम से कराया जा रहा है। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, योजना के अनुसार इसे फरवरी 2026 के अंत तक पूर्ण कर हैंडओवर किया जाना था, लेकिन कुछ कारणों से यह कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। वर्तमान में लैब के निर्माण में कुछ कार्य शेष हैं, जिनमें एसी इंस्टॉलेशन, स्लैब का कार्य और अन्य छोटे-मोटे फिनिशिंग कार्य शामिल हैं। इन अधूरे कार्यों के चलते अभी तक लैब को अस्पताल प्रशासन को हस्तांतरित नहीं किया जा सका है।
सीएमएस ने बताया कि मई माह तक सभी शेष कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे और इसके बाद लैब का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लैब के शुरू होने से मरीजों को अत्याधुनिक जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।
वर्जन
कार्यदायी संस्था को शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गोरखपुर प्रखंड के अधिशासी अभियंता को रिमाइंडर पत्र भेजकर जल्द हैंडओवर सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
- डॉ. एके द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक