एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश
- गिद्ध संरक्षण केंद्र में कार्यों के बारें में डीएम ने ली जानकारी
- अधूरे कार्यों को पूर्ण कराने का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को तहसील फरेंदा में विभिन्न स्थलों एवं कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। भारीबैसी में निर्माणाधीन खेल स्टेडियम व प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया।
इससे पहले उन्होंने ग्राम भारीबैसी में कैंपियरगंज स्थित वन विभाग कार्यालय में वनटांगियां समुदाय को पट्टा प्रदान करने संबंधी कार्यों में प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पट्टा पत्रावली तैयार करने संबंधी कार्यों को भी देखा और पट्टा पत्रावली को शीघ्र तैयार करते हुए ग्रामवासियों को पट्टा प्रदान करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने ग्राम भारिबैसी में गठित नौ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। एक समूह की महिला सदस्य द्वारा बकरी पालन की बात बताई गई। जिलाधिकारी द्वारा महिलाओं को उक्त व्यवसायों के अतिरिक्त टेलरिंग व ब्यूटी पार्लर जैसे कार्यों को भी शुरू करने का सुझाव दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने गिद्ध संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र में अपूर्ण निर्माण कार्यों के संदर्भ में उन्होंने फॉरेस्ट रेंजर से जानकारी ली। फॉरेस्ट रेंजर द्वारा बताया गया कि परियोजना हेतु कुल 1 करोड़ 49 लाख रुपये स्वीकृत हैं, जिसमें 49 लाख रुपये ही प्राप्त हुए हैं। अवशेष राशि मिलते ही शेष कार्य को पूर्ण करते हुए, गिद्धों को लाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत आनंदनगर में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण भी किया। सबसे पहले उन्होंने धानी ढले पर चिह्नित टैक्सी स्टैंड, पार्किंग व वेंडिंग जोन के चयनित स्थल को देखा। उन्होंने बृजमनगंज रोड स्थित कब्रिस्तान से हटाए गए अवैध अतिक्रमण को भी देखा और मुक्त कराई गई भूमि को पार्क के रूप में विकसित करने के लिए निर्देशित किया। महाराजगंज-फरेंदा हाईवे पर बस स्टैंड के लिए चिह्नित भूमि का भी निरीक्षण किया।