महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में उद्योग बंधु व व्यापार बंधु की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी, निवेश मित्र सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में भौतिक लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं में प्राथमिकता के आधार पर ऋण वितरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उपायुक्त उद्योग को उद्यमियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हुए उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने उपायुक्त वाणिज्य कर को व्यापार मंडलों के साथ लगातार समन्वय करते हुए व्यापारियों को जीएसटी रिटर्न भरने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। इस संदर्भ में सभी प्रमुख बाजारों में व्यापारियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं। जिसमें व्यापारियों ने चौक बाजार में तहबाजारी की समस्या, मऊपाकड़ चौराहे से चौक रोड पर दोनों तरफ नाली क्षतिग्रस्त होने व विद्युत पोल झुके होने की बात कही। इसपर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को पोल का सर्वे कराने का निर्देश दिया। इसी प्रकार व्यापारियों द्वारा सिंदुरिया चौराहे पर शौचालय निर्माण की मांग की गई। उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी, सहायक आयुक्त राज्यकर, ईओ नगर पालिका आलोक कुमार मिश्रा मौजूद रहे।