निचलौल। सोहगीबरवा थाना क्षेत्र के सोहगीबरवा गांव में एक बच्चे की हादसे में मौत हो गई थी। उसके बाद बगैर पुलिस के सूचना दिए ही बच्चे के शव को दफना दिया गया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने बच्चे के परिजन की सूचना पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दफनाए गए शव को बाहर निकाला। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार अभिषेक मिश्रा ने बताया कि सोहगीबरवा निवासी रविंद्र पाठक के लड़के यश पाठक (8) की बीते 11 दिसंबर को हुई सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिजन बगैर पुलिस को सूचना दिए ही शव को दफना दिया। बच्चे के शव को दफन करने के करीब एक सप्ताह बाद परिजन पुलिस को सूचना देकर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।
फिर मामले में टीम गठित कर करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान गड्ढे को खोदकर बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस की ओर से शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। साथ ही पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी की गई। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।