बीएसए के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले दो शिक्षक, वेतन रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद शुक्ल ने शनिवार को सिसवा व सदर क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों व कस्तूरबा विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनुपस्थित मिले दो शिक्षकों का एक-एक दिन का वेतन बाधित कर दिया गया है।
बीएसए ने बताया कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय कटहरी में निरीक्षण के दौरान दो शिक्षक अनुपस्थित मिले। जिनका एक-एक दिन का वेतन बाधित कर दिया गया। विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति ठीक मिली व एमडीएम मीनू के मुताबिक बनते हुए मिला। कस्तूरबा विद्यालय सिसवा के निरीक्षण में साफ-सफाई बेहतर मिली। सभी शिक्षक मौजूद मिले। यहां शिक्षण कार्य की गुणवत्ता भी ठीक मिली। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में भी स्थिति ठीक मिली। यहां साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। सदर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सदर प्रथम व द्वितीय तथा कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण में शिक्षक मौजूद मिले। बच्चों की उपस्थिति बेहतर पाई गई। मीनू के मुताबिक बच्चों में एमडीएम वितरित किया गया था। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया कि स्वच्छता व शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर गंभीर रहें।