मिठौरा। शादी का झांसा देकर युवती के यौन शोषण के आरोप में बृजमनगंज थाने में तैनात एक सिपाही के खिलाफ शनिवार को केस दर्ज कर लिया गया। आरोप है कि पीड़िता ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो सिपाही ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
सिंदुरिया क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसका चार साल से पड़ोसियों से जमीनी विवाद चल रहा है। इसी मामले को लेकर तब सिंदुरिया थाने में तैनात आजमगढ़ जिले के ग्राम शादी सराय थाना सिधारी निवासी सिपाही राहुल घर आने-जाने लगा। शादी का झांसा देकर चार साल तक यौन शोषण करता रहा। एक माह पहले राहुल की तैनाती बृजमनगंज थाने में हो गई। आरोप है कि 11 मई को जब राहुल से उसने शादी की बात कही तो वह गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
युवती की तहरीर पर सिंदुरिया पुलिस ने शनिवार को सिपाही राहुल के खिलाफ छल कपट से यौन शोषण और प्राण घातक हमला करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। एएसपी सिद्धार्थ ने बताया कि कि मामले में केस दर्ज कर सिपाही के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद