दिल्ली में बम ब्लास्ट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच को लेकर नेपाल बॉर्डर पर जवानों की संख्या बढ़ाई गई
महराजगंज। दिल्ली में ब्लास्ट के बाद जनपद के भारत-नेपाल सीमा पर रेड पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन से लेकर बार्डर के बस स्टेशन तक सुरक्षाकर्मियों ने जांच की। बार्डर के पगडंडियों पर निगरानी तेज करने के साथ ही सीसीटीवी से प्रत्येक हलचल पर नजर रखी जा रही है। नेपाल से लगी 84 किलोमीटर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को दिल्ली में ब्लॉस्ट होने की खबर जैसी ही फैली, सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर सहित सभी सीमा पर निगरानी तेज की दी गई। मुख्य बॉर्डर से लेकर नदी, घाटों और पगडंडियों पर जवानों की संख्या बढ़ाते हुए 24 घंटे निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं। सरहद पर भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आने वाले प्रत्येक नागरिक की तलाशी लेकर आईडी की जांच की जा रही है। एसएसबी के अलावा सुरक्षा एजेंसियां भी चौकस हैं। सीमा से जुड़े सभी रास्तों पर गश्त बढ़ा दी गई है। नाइट विजन कैमरे से लैस एसएसबी जवान सुरक्षा में जुटे हुए हैं।
भारत नेपाल बार्डर हमेशा से संवेदनशील रहा है। गुजरे वक्त में बार्डर पर कई बार आतंकी भी पकड़े जा चुके हैं। इन घटनाओं को देखते हुए सीमा पर एसएसबी के जवान चौकसी बरत रहे हैं। नेपाल से आने वाले यात्रियों की कड़ाई के साथ जांच की जा रही है। संदेह होने पर आईडी की जांच एवं नाम पते नोट कर उन्हें भारत में प्रवेश की अनुमति मिल रही है। सोमवार की रात आठ बजे कोतवाल सोनौली अजित प्रताप के नेतृत्व में जवान भारत से नेपाल आने जाने वाले लोगों की कड़ी जांच कर रहे थे। इस दौरान नेपाल से भारत में आ रही एक भारतीय नंबर वाहन पर लगी काली फिल्म भी उतरवाई दी गई। क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में अलर्ट जारी है। नेपाल आने जाने वाले लोगों की गहनता से जांच के निर्देश दिए गए हैं। बस डिपो रेलवे स्टेशन सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त तेज है।
ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी बॉर्डर की हो रही निगरानी
सीमा पर लगे सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। उच्चाधिकारी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। थाना बरगदवा, सोनौली, ठूठीबारी, परसामलिक आदि के अंतर्गत आने वाले बॉर्डर पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। नेपाल से आने-जाने वाले यात्रियों की पहचान पत्रों की जांच की जा रही है, ताकि अवैध आवागमन या किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को रोका जा सके। साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी बॉर्डर पर निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती चौकियों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए डॉग स्क्वॉयड की मदद ली जा रही है। महराजगंज जनपद में कोल्हुई से लेकर पथलहवा बॉर्डर तक एसएसबी के 17 बीओपी हैं, यहां से बॉर्डर की निगरानी की जा रही है।
वर्जन............................
-
बार्डर पर रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस की ओर से कड़ी निगरानी की जा रही है। बार्डर से लेकर जिले में सभी प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रत्येक हलचल पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सोमेंद्र मीणा, पुलिस अधीक्षक