सोनौली। भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों की ओर से सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल में भी आंदोलन की आशंका को देखते हुए सुरक्षाकर्मी सतर्क हैं। भारतीय सीमा क्षेत्र में त्योहार को देखते हुए त्रिस्तरीय जांच की व्यवस्था की गई है और नेपाल की जेल से फरार कैदियों को लेकर भी कड़ी निगरानी की जा रही है। शुक्रवार की दोपहर दीवाली एवं छठ पर्व को लेकर भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। कोतवाल सोनौली अजीत प्रताप सिंह ने एसएसबी के साथ सीमावर्ती क्षेत्र के पगडंडियों पर संयुक्त जांच अभियान चलाया और सीमा पर भारत से नेपाल आने-जाने वाले यात्रियों की आईडी की जांच की। नेपाल में फिर से जेनजी की ओर से काठमांडों में कुछ मांगो को लेकर प्रदर्शन किया गया।
इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। त्योहारों को देखते हुए सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारत-नेपाल की सोनौली सीमा पर डॉग स्क्वायड और सीसीटीवी से नेपाल से आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है। भारत-नेपाल की खुली सीमा होने के कारण एसएसबी और पुलिस के जवान बॉर्डर पर संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग भी कर रहे हैं। नौतनवा क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी है। पर्व के मौके पर भारत-नेपाल की सीमा पूरी तरह से अलर्ट है। सीमा पर विशेष रूप से जांच और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है।