महराजगंज। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने 148 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रोहिन बैराज सहित लगभग छह अरब की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने रोहिन बैराज के लाभों की चर्चा करते हुए कहा कि रोहिन बैराज में एक बेहतरीन वाॅटर बॉडी बनने की असीम संभावनाएं हैं, जिससे पर्यटन के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि बैराज के अभाव में बरसात में किसान बाढ़ से तबाह होता था और गर्मी में पानी के लिए तरसता था, लेकिन इस बैराज के बन जाने से अब दोनों समस्याएं दूर हो जाएंगी। सीएम युवा उद्यमी अभियान में जनपद के प्रथम स्थान प्राप्त करने की सराहना करते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि जिला प्रशासन और अधिक युवा उद्यमियों को योजना का लाभ दिलाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी इन युवा उद्यमियों को आमंत्रित कर उनसे अनुभवों को साझा करने और नए विचारों को प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया। सीएम ने सिंचाई विभाग की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और विभिन्न स्टाॅलों पर कक्षा एक में प्रवेश लेने वाली स्कूली बच्चियों को यूनिफॉर्म किट का वितरण किया। साथ ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत भी बच्चियों को बेबी किट दिया। दो बच्चियों का अन्नप्राशन और धात्री माताओं की गोदभराई की। अलग-अलग विभागों की लगभग 306 करोड़ की लागत की 382 परियोजनाओं का शिलान्यास और 348 करोड़ रुपये की लागत की 245 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।