पनियरा व सिसवा विधानसभा में अब एक ईवीएम से होगा मतदान
महराजगंज। पनियरा व सिसवा विधानसभा क्षेत्र में अब एक इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम)से मतदान होगा। नामांकन के दौरान दोनों विधानसभा में प्रत्याशियों की संख्या 15 से अधिक होने से दो ईवीएम लगाने की नौबत आई थी, लेकिन दोनों विधानसभा में कमी के चलते पर्चा खारिज होने से अब एक ईवीएम से ही मतदान संपन्न होगा।
नामांकन प्रक्रिया पूरी कराए जाने के बाद पनियरा से सर्वाधिक 18 तथा सिसवा से 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। एक ईवीएम में नोटा सहित कुल 16 प्रत्याशियों को मत दिए जाने की व्यवस्था होती है। ऐसे में दोनों विधानसभा में दो-दो ईवीएम लगाए जाने की संभावना बन रही थी। जांच के उपरांत छह प्रत्याशियों का पर्चा खारिज हो गया है, तो अब दोनों ही विधानसभा में एक-एक ईवीएम से ही काम चलाया जा सकेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि छह नामांकन के खारिज होने से पनियरा व सिसवा विधानसभा में अब एक ही ईवीएम से काम चल जाएगा।
...तो लगानी पड़ती 923 अतिरिक्त ईवीएम
दोनों विधानसभा क्षेत्रों में यदि पर्चा खारिज नहीं हुआ होता, तो कुल 923 अतिरिक्त ईवीएम लगानी पड़ती। पनियरा विधानसभा में कुल 472 बूथ एवं सिसवा विधानसभा में कुल 451 बूथ बने हैं। ऐसे में 923 बूथों पर अतिरिक्त ईवीएम लगाने से प्रशासन को राहत मिली है।