सोनौली। भारत-नेपाल सीमा के भगवानपुर में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से शहीद आरक्षी अमित कुमार तिवारी की स्मृति में मैत्री वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। इसमें एसएसबी भगवानपुर की टीम ने नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) की टीम को हराकर जीत दर्ज की।
एसएसबी के इंस्पेक्टर विशाल कुमार ने बताया कि मुकाबला तीन दौर में खेला गया। एसएसबी की टीम ने पहले दौर में 14, दूसरे में 18 और तीसरे दौर में 21 अंक हासिल कर जीत अपने नाम की। मुकाबले में दोनों देशों के सुरक्षा बलों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया।
मैच के बाद विजेता टीम को शहीद आरक्षी अमित कुमार तिवारी स्मृति कप देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शहीद की स्मृति में आयोजित यह मैत्री मैच भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों के बीच आपसी भाईचारे, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम है। कार्यक्रम में एसएसबी और पुलिस के अधिकारी-जवानों के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।