फोटो- विकास भवन सभागार में हुए कृषि गोष्ठी मेें बोले मुख्य विकास अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को आगे ले जाने मेें कृषि क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला कृषि प्रधान है, ऐसे में किसान अपनी आय को बढ़ाने के लिए आधुनिक तरीके से खेती करने पर जोर दें।
ये बातें मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय ने विकास भवन सभागार में बुधवार को कृषि गोष्ठी को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मिश्रित व जैविक खेती से जुड़कर किसान अपनी पैदावार को बेहतर बनाएं। कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों से संबंधित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया। बीमा के प्रबंधक अमित कुमार ने किसानों को कृषि बीमा का लाभ लेने संबंधी प्रक्रिया की जानकारी दी। किसानों ने लंपी रोग से बचाव के कारणों को पूछा, जिस पर पशु चिकित्सा अधिकारी ने टीकाकरण के बारे में बताया। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने किसानों को जैविक खेती के उपयोग से रासायनिक खाद के प्रयोग को कम करने की सलाह दी। विभाग की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किसानों को प्रेरित किया। इस दौरान उप कृषि निदेशक रामशिष्ट समेत बड़ी संख्या मेें किसान मौजूद रहे।