प्रतिबंधित दवाओं का धंधा करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
महराजगंज। कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के जमुई कला गांव से बरामद नशे में प्रयोग होने वाली प्रतिबंधित दवाओं के मामले में इनामी घोषित मुख्य आरोपी गोविंद गुप्ता को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी गोविंद को जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने कहा कि कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र जमुई कला गांव में गत 3 अगस्त को एसडीएम की मौजूदगी में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति के मकान में छापा मारकर टीम ने मकान से 686 करोड़ की नशे में प्रयोग होने वाली प्रतिबंधित दवा की बरामद करते हुए एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। जबकि मुख्य आरोपी गोविंद मौके से फरार हो गया था। इस मामले में टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज करते हुए पहले आरोपी रमेश कुमार गुप्ता को जेल भेज दूसरे इनामी आरोपी गोविन्द गुप्ता की तलाश में जुट गई थी। इसी बीच ठूठीबारी कोतवाल संजय दुबे को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतिबंधित दवाओं का धंधा करने वाला 25 हजार का इनामी आरोपी गोविंद गुप्ता पुलिस को चकमा देते हुए मरचहवा के निकट से नेपाल राष्ट्र की ओर भागने की फिराक में है।
इस सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मुख्य मरचहवा से बंधा तिराहे तक जाने वाली मुख्य मार्ग का घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। वह पुलिस से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में था।
आदित्य ड्रग एजेंसी से खरीद फरोख्त करता था गोविंद
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी गोविंद गुप्ता ने बताया कि वह अपने घर में प्रतिबंधित दवाएं इंजेक्शन, सीरप, टैबलेट का गोदाम बना रखा था। जहां पर प्रतिबंधित दवाओं का रैपर छुड़ाकर अधिक मूल्य वाले रैपर लगाकर दवाओं की सप्लाई करता था। इतना ही नहीं, आरोपी ने बताया कि जिन दवाओं की समय सीमा समाप्त हो जाती थी। उस पर भी नया रैपर लगाकर बाजारों में बेच दिया जाता था। आरोपी को यह रैपर कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवां बाजार से प्राप्त हुई थी। आरोपी ने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-फरोख्त गोरखपुर शहर में संचालित आदित्य ड्रग एजेंसी से करता था। एसपी ने बताया कि पूछताछ में जो नाम सामने आए हैं। उनके एसआईटी द्वारा पूछताछ की जाएगी।