अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करते समय पकड़ा गया चीन का नागरिक
सोनौली (महराजगंज)। एसएसबी 22वीं वाहिनी के जवानों ने सोमवार को बगैर वैध कागजात के सोनौली बॉर्डर से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे चीन के नागरिक को हिरासत में ले लिया। उसे आगे की कार्रवाई के लिए आव्रजन विभाग को सौंप दिया गया है। आईबी समेत अन्य भारतीय खुफिया एजेंसियां चीन के नागरिक से पूछताछ कर उसके भारत आने का मकसद जानने की कोशिश कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर सोनौली सीमा के मुख्य गेट पर एसएसबी के जवान नेपाल से भारत आने वालों की रूटीन जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक शख्स पैदल ही मुख्य गेट पर पहुंचा। जवानों के आईडी मांगने पर उसने चीन का पासपोर्ट और नेपाल का वीजा दिखाया। जवानों ने उससे भारत में प्रवेश के लिए जरूरी कागजात दिखाने को कहा तो उसने अन्य कोई कागजात न होने की बात कही। इस पर एसएसबी जवानों ने उसे नेपाल लौट जाने की सलाह दी, लेकिन वह भारत में प्रवेश करने की अनुमति देने का अनुरोध करने लगा। इस पर एसएसबी ने उसे हिरासत में ले लिया।
सोनौली के चौकी प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए विदेशी नागरिक का नाम फेंग चांगवेन (56) है। उसके पासपोर्ट का नंबर ईएच 5744489 है। पूछताछ में उसने बताया है कि उसका जन्म चीन के हुबेई में हुआ था। वह अर्मेनिया में रहता है। वहां से दुबई होते हुए नेपाल पहुंचा था। उसके पास 22 दिसंबर 2021 तक का नेपाल का पर्यटक वीजा है। उसका कहना है कि वह दिल्ली जाकर शरणार्थी के रूप में रहना चाहता है। चौकी प्रभारी ने बताया कि उसे हिरासत में लेकर आव्रजन विभाग को सौंप दिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।