महराजगंज। ठंड के दृष्टिगत गोवंशों के संरक्षण एवं उनकी समुचित देखभाल को लेकर जिलाधिकारी ने एक बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी ने जनपद की विभिन्न गोशालाओं की व्यवस्थाओं का ग्राउंड जीरो से आकलन करते हुए वीडियो कॉल के माध्यम से लाइव निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने गोशालाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को स्वयं देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के 25 जिलास्तरीय अधिकारियों को औचक निरीक्षण के लिए विभिन्न गो आश्रय स्थलों पर भेजा गया। निरीक्षण के दौरान अलाव की व्यवस्था, भूसा–चोकर की उपलब्धता, काउ कोट, हरा चारा, स्वच्छता, पेयजल एवं गोवंशों की संख्या आदि बिंदुओं की गहनता से जांच कराई गई। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मौके से ही जिलाधिकारी को व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्दियों के दृष्टिगत सभी गोशाला में गोवंशों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन गोशालाओं में गोवंशों की संख्या मानक से कम है, वहां से गोवंशों को नजदीकी गोशाला में सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किया जाए। काउ कोट की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को बोरियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।