हर ब्लॉक में बनेंगे आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र
महराजगंज। आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले स्तर कई योजनाएं बनाई गई हैं। जिले के प्रत्येक ब्लॉक में एक आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को चिह्नित भी कर लिया गया है। इन्हें जरूरी सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से जिले के प्रत्येक ब्लॉक के एक आंगनबाड़ी केंद्र को आदर्श बनाने की योजना बनाई गई है। 10 बिंदुओं को ध्यान में रखकर केंद्र को तैयार किया जाएगा। आरओ युक्त पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। बेबी फ्रेंडली शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए पंखे लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए कुर्सियां उपलब्ध कराई जाएंगी। जरूरी सामग्री के अलावा बच्चों के ज्ञानवर्धन के लिए किताबें भी उपलब्ध रहेंगी। इन केंद्रों पर मूल्यांकन कार्ड भरा जाएगा। इससे बच्चों के प्रगति के बारे में जानकारी मिलती रहेगी। वजन मशीन रहेगी। सामुदायिक गतिविधियों पर चर्चा के लिए दरी की व्यवस्था की जाएगी। आलमारी भी रखी जाएगी। सीडीओ गौरव सिंह सोनवाल ने बताया कि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग को इस बाबत निर्देश दिए गए हैं।
इन केंद्रों को बनाया जाएगा आदर्श
फरेंदा ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्र मथुरानगर, धानी के करमहां, पनियरा के जडार, सदर के कांध, मिठौरा के मुडे़रा कला, निचलौल के जहदा, नौतनवां के परसियां बाबू, घुघली के मेदनीपुर, बृजमनगंज के मैनहवां, परतावल के छपिया, लक्ष्मीपुर के बहोरपुर, सिसवां के बरवा विद्यापति को आदर्श केंद्र बनाने के लिए चिह्नित किया गया है।