महराजगंज। सप्ताह पूर्व तक अच्छी बारिश के बाद धूप की अधिकता वायुमंडल की नमी सोख रही है। तेजी से सूखती नमी वायरल फीवर को रफ्तार दे रही है जिसके कारण वायरल कम होने की जगह लगातार वृद्धि दर्ज करा रहा है। मंगलवार को वायरल फीवर के 32 नए रोगी मिले। इन रोगियों में अलग-अलग लक्षण पाए गए। जांच रिपोर्ट और लक्षण के आधार पर चिकित्सकों ने दवा व आवश्यक परामर्श दिया।
जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को 823 रोगियों का उपचार हुआ। सर्वाधिक रोगी वायरल फीवर के रहे। यह रोगी अलग-अलग लक्षण और परेशानी से जूझ रहे थे। चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर वायरल की पुष्टि की और दवा का परामर्श दिया। डाॅ. एवी त्रिपाठी ने बताया कि वायुमंडल से लगातार सूख रही नमी के कारण गले की खराश, खांसी और श्वसन मार्ग में सूखापन वायरल फीवर की समस्या बढ़ रही है। खराश, खांसी, तेज दर्द, सांस लेने में असुविधा जैसी समस्या लेकर लोग पहुंच रहे हैं लेकिन जांच में वायरल की पुष्टि हो रही।
वैसलीन से बनाए रखें नमी
श्वसन नली में सूखापन की स्थिति न उत्पन्न होने पाए इसका ख्याल रखें और वैसलीन इत्यादि जरूरत के मुताबिक प्रयोग करें। पहले से इनहेलर प्रयोग करते हैं तो इसे नियमित करते रहें। सांस लेने में असुविधा होने पर चिकित्सक से परामर्श के बाद ही उपचार शुरू करें।