महराजगंज। लोकसभा चुनाव के लिए ड्यूटी में आए एक होमगार्ड जवान की शुक्रवार को इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल काॅलेज में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद गृह जनपद बागपत भेजा गया।
विज्ञापन
जिला कमांडेंट होमगार्ड्स विंध्याचल पाठक से मिली जानकारी के मुताबिक, बागपत जिले के रहने वाले होमगार्ड जवान जय भगवान गोस्वामी गाजियाबाद जिले से चुनाव ड्यूटी कर महराजगंज आए थे।
जिले के पनियरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 170 प्राथमिक विद्यालय पिपरपाती पर होमगार्ड जवान की ड्यूटी लगी थी। अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं निर्वाचन ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर निर्वाचन आयोग से आश्रित परिजन को मिलने वाली सहायता राशि रुपये 15 लाख के लिए प्रस्ताव को जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से निर्वाचन आयोग को भेज दिया जाएगा। संवाद