महराजगंज। जिले भर में बड़े ही हर्षोल्लास से रविवार की रात शुभ मुहुर्त में 1213 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। लोगों ने होल्यार गाए। तीसी और जौ भूनकर घर में सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद ही होलिका दहन के साथ रंगों के पर्व होली की शुरुआत हो गई। शहर में करीब 20 से अधिक स्थानों पर पूजन-अर्चन के बाद अलग-अलग समय पर होलिका दहन किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मौजूद रही।
पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानों पर कंडे जलाए गए। क्षेत्र में फाग गीतों की गूंज रही। शहर में सिंचाई कालोनी गेट के पास, मऊपाकड़ में मंगरहिया बाजार, नेहरू नगर में आसरा आवास के पास समेत अन्य स्थानों पर होलिका जलाई गई। आचार्य दिवाकर मणि त्रिपाठी ने बताया कि 26 मार्च को होली मनाई जाएगी।
पौराणिक कथा के अनुसार, हिरण्यकशिपु नामक राक्षस राज के पुत्र प्रहलाद भगवान श्री हरि के अनन्य भक्त थे। वह भगवान की भक्ति में डूबे रहते थे। उनके पिता को यह पसंद नहीं था। उन्होंने अपनी बहन होलिका को प्रहलाद को लेकर आग में बैठने का आदेश दिया। होलिका को आग में न जलने का वरदान प्राप्त था। मगर भगवान विष्णु की कृपा से प्रहलाद बच गए और होलिका जल गई। इसके बाद से ही होलिका दहन की परंपरा चलती आ रही है।
ग्राम खोन्हौली गांव में पोखरी पर होलिका दहन किया गया। ग्रामीण अपने घरों से कंडे लेकर होलिका दहन स्थल पहुंचे। जहां कंडों से होलिका सजाई गई। ग्राम के हृदेश कसौधन, मुकेश, गड्डू भारतीय आदि ने बताया कि गांव में कंडों से होली जलाने की परंपरा प्राचीन है। सूखी लकड़ी चुनकर लाया गया। जिससे डांडा गाड़ा जाता है। इसके बाद हर घर से कंडे लाकर होली जलाई गई।