महराजगंज। भाजपा संगठन को मजबूत बनाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा कराने को लेकर बुधवार को भाजपा कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की।
आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ काम करें। पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने एसआईआर अभियान पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कराया जाए। पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते दूर कराने के लिए कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय रहें।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता ही पार्टी की मजबूती का आधार है। इसलिए सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित संपर्क बनाए रखें और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। बैठक में पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, आकाश गुप्ता, आकाश श्रीवास्तव समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।