पंडित दीनदयाल नगर में नगर पंचायत के ठेकेदार पर चेतावनी, नागरिकों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा
बिस्कोहर। कस्बा के वार्ड नंबर 13, पंडित दीनदयाल नगर स्थित एक धार्मिक स्थल के सामने और इटवा-तुलसीपुर मार्ग के बगल नगर पंचायत के सफाई ठेकेदार द्वारा गला-सड़ा कूड़ा जमा किए जाने से स्थानीय लोग परेशान हैं।
वार्ड सभासद शाहिद और आसपास के निवासी मोहम्मद अख्तर, हकीकुल्लाह, हामिद, लालजी चौधरी, अवधेश श्रीवास्तव, रिजवान अहमद, राकेश कुमार जायसवाल, बब्बू चौधरी और सपा जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घनी आबादी वाले इलाके में और धार्मिक स्थल के सामने कूड़े का ढेर लगाना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि समय रहते गंदगी हटाई नहीं गई तो आने वाले समय में इसके बुरे परिणाम सामने आ सकते हैं। स्थानीय नागरिकों ने शनिवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर मांग की कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और धार्मिक स्थल व मार्ग के पास साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में नगर पंचायत के ईओ अखिलेश दीक्षित ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को नोटिस दे दिया गया है और आज से वहां कूड़ा नहीं फेंका जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार निगरानी रखेगा ताकि किसी प्रकार की गंदगी न फैले।