महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के निचलौल-ठूठीबारी मार्ग पर स्थित ग्रामसभा ओडवलिया चौराहे पर रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे ओडवलिया चौराहे पर दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में ओडवलिया निवासी आकाश यादव (18), निखिल यादव (19) और सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मोहनापुर निवासी शिवम मोदनवाल (21) घायल हो गए।
मौके पर मौजूद रहे लोगों ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी निचलौल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने शिवम मोदनवाल की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं आकाश यादव और निखिल यादव को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया गया। घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।