डीसी एनआरएलएम का घेराव करतीं समूह सखी।
महराजगंज। बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समूह सखी ने शुक्रवार को उपायुक्त एनआरएलएम का घेराव किया। महिलाओं का कहना था कि पिछले 18 माह से बकाया मानदेय का भुगतान नहीं हो रहा है। इसके कारण समूह से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। यदि समय से बकाया मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो वह समूह से त्यागपत्र देने को बाध्य होंगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समूह सखी को पिछले 18 माह से मानदेय नहीं मिल रहा है, जिसके कारण महिलाओं का समूह के कार्य से मोह भंग होता जा रहा है। समूह की महिलाओं के पास आंदोलन के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा है। परतावल ब्लाॅक की समूह सखी ने डीसी एनआरएलएम का घेराव किया। महिलाओं का नेतृत्व कर रहीं साधना सिंह का कहना था कि बकाया मानदेय का भुगतान न होने के कारण समूह से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है। यदि बकाया भुगतान समय से नहीं होता है तो वह आंदोलन को बाध्य होंगी।
परतावल ब्लाॅक की समूह सखी पूनम ने कहा कि हम महिलाएं समूह बनाकर राष्ट्र की सेवा में लगी हैं जबकि विभाग मानदेय तक नहीं दे रहा है। इसके कारण समूह का कार्य करना कठिन होता जा रहा है। बकाया मानदेय के भुगतान के लिए समूह की महिलाएं कार्यालयों और अधिकारियों का चक्कर लगाकर थक गई हैं। बकाया मानदेय भुगतान नहीं मिला तो समूह की महिलाएं लखनऊ पहुंचकर आंदोलन करेंगी। महिलाओं को बकाया मानदेय भुगतान कराने का आश्वासन देते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उपायुक्त बृजभूषण सिंह ने कहा कि शासन स्तर से प्रयास किया जा रहा है। इस मद में पैसा आते ही भुगतान किया जाएगा। घेराव करने वाली महिलाओं में कुसुम, अंजू, रीता, गुड़िया, रीमा, कविता, संजू शिवा, पूनम आदि महिलाएं मौजूद रहीं।