महराजगंज। शहर में एक्सल एकेडमी परिसर में बृहस्पतिवार को अमर उजाला संवाद कार्यक्रम के तहत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के विषय पर गोष्ठी हुई। वक्ताओं ने सरकार की योजनाओं से युवाओं को जोड़ने की बात पर विशेष जोर देते हुए अमर उजाला के मुहिम की सराहना की।
मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधक दशरथ गुप्ता ने कहा कि जिले में बहुत से ऐसे युवा हैं जो शिक्षित होने और किसी न किसी ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बावजूद आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण खुद का उद्योग, स्वरोजगार शुरू नहीं कर पाते। मुख्यमंत्री का ध्येय है कि राज्य के युवा योजना के अंतर्गत आवेदन कर रोजगार शुरू करें। सरकार आर्थिक सहायता देगी। प्रदेश के युवाओं को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजनांतर्गत लाभांवित कराते हुए उनको आत्मनिर्भर, सशक्त, आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार तेजी से कार्य कर रही है।
रोटरी क्लब के सचिव देवेश पांडेय ने कहा कि आधुनिक समय में बहुत बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं जिसका सबसे बड़ा कारण है कि वह सरकारी नौकरियों के पीछे भाग रहे हैं। दूसरी तरफ सरकार स्किल और नए-नए स्टार्टअप की ओर युवाओं को ध्यान देने को कह रही है, जिसमें बहुत ज्यादा संभावनाएं हैं। युवा अपनी स्किल को विकसित कर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। सरकार नए स्टार्टअप शुरू करने के लिए पीएमश्री, मुख्यमंत्री रोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार योजना, उद्यम मंत्रालय की ओर से युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दे कर लोन और सब्सिडी भी दे कर प्रोत्साहित कर रही है। संवाद कार्यक्रम में अभिषेक कुमार विश्वकर्मा, मनीष प्रजापति, राहुल पटेल, मकसद अली, आरिफ, मंजीत गुप्ता आदि ने विचार व्यक्त किए।