पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर थाना क्षेत्र के शक्तिनगर कॉलोनी में रविवार दोपहर एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले एक महीने से अवसादग्रस्त था। सूचना पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक, गोला इलाके के धनावड़ निवासी निखिल गौड़ (25) अविवाहित था। वह शाहपुर के शक्तिनगर कॉलोनी में मां और बहन के साथ किराए के मकान में रहता था। रविवार दोपहर उसकी मां और बहन घर से बाहर गई थीं। उस दौरान निखिल ने फंदे से लटककर जान दे दी। दोपहर करीब 3:30 बजे उसकी मां घर लौटीं तो देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो निखिल का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।