हरपुर बुदहट इलाके का मामला, 21 भैंस भी ले गए ठग, केस दर्ज
हरपुर बुदहट। थाना क्षेत्र में भैंस खरीद-फरोख्त के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पांच वर्षों तक क्षेत्र में रहकर पशुपालकों का विश्वास जीता और फिर उसी भरोसे का फायदा उठाकर 1.29 लाख की ठगी कर भाग गए। आरोप है कि आरोपी 21 भैंस भी लेकर भागे हैं। मामले में पुलिस ने आवेश कुरैशी, मोनीश कुरैशी, सोनू कुरैशी, हसन कुरैशी, मुजफ्फरपुर निवासी उस्मान, सलमान, दानिश और बागपत निवासी फारुख के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, अनंतपुर पेट्रोल पंप के सामने किराए के मकान में रह रहे जालसाजों ने पशुपालकों से भैंस खरीदने और बेचने का धंधा किया। बीते 26 अगस्त की रात जालसाज छह से अधिक पशुपालकों की 21 भैंस बाजार में बेचने के बहाने ले गए और पूरे परिवार समेत भाग गए। इसके अलावा आरोपियों ने कटाइटिकर निवासी रवि और खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रावतपार निवासी मोहम्मद नदीम से ऑनलाइन 1. 29 हजार रुपये भी ऐंठ लिए। जानकारी के बाद पीड़ित पशुपालकों ने शनिवार को केस दर्ज कराया।
ये हुए ठगी के शिकार
सरैया निवासी प्रयाग की तीन, खिरीडाड़ निवासी जितेंद्र की दो, अशरफाबाद निवासी अरविंद की दो, खिरीडाड़ निवासी रणजीत यादव की आठ, कटाईटिकर निवासी रामप्रताप की चार, जबरैला निवासी रामकिशुन की एक और बालकिशुन एक भैंस आरोपी लेकर भागे हैं। पशुपालकों का कहना है कि भरोसे के नाम पर इस तरह की ठगी ने उन्हें भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। इधर, पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।