शिकारपुर। घुघली क्षेत्र के बल्लोखास गांव में बने बल्लोधाम में झाड़-फूंक कराने वाली एक 20 वर्षीय युवती का शनिवार को शीशम के पेड़ से लटकता शव मिला। सुबह गांव वालों ने देखा तो लोगों को जानकारी दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
क्षेत्र के जोगिया गांव की रहने वाली आराधना अपने घर से नौ किमी दूर बल्लोखास गांव में स्थित बल्लोधाम में दो वर्ष से झाड़-फूंक कराने आती थी। कई बार वह दो चार दिनों के लिए मंदिर परिसर में रुकती भी थी। शुक्रवार को भी झाड़-फूंक कराने अपनी बहन साधना के साथ आई थी और रात में परिसर में ही रुकी थी। सुबह के समय गांव वाले नित्यक्रिया के लिए बाहर निकले तो सड़क किनारे एक शीशम के पेड़ से युवती का शव लटका मिला।
लोगों ने देखा तो शोरगुल मचाया जिसके बाद उसकी पहचान हुई। मौके पर घुघली पुलिस ने पहुंचकर शव को नीचे उतारा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह के अनुसार, सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पिता केशव प्रसाद ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए तहरीर दी। केस दर्ज कर लिया गया है।