नौतनवा/अड्डा बाजार। थाना क्षेत्र के रुद्रपुर उर्फ बनगाई गांव में मंगलवार देर रात 12वीं की छात्रा का शव घर के अंदर छत की कुंडी से लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अड्डा बाजार चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव बनगाई निवासी 16 वर्षीय रिया शर्मा का शव घर के छत की कुंडी से साड़ी के फंदे से लटका मिली। रिया शर्मा अड्डा बाजार में एक इंटर काॅलेज में 12वीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि घर पर रिया की मां प्रतिमा और उसके दो भाई प्रेम शर्मा और अमन शर्मा रहते हैं। उसके पिता श्यामू शर्मा सूरत में फर्नीचर मिस्त्री हैं । मंगलवार देर रात रिया ने घर के अंदर फंदा लगा लिया। उसका छोटा भाई घर आया तो देखा दरवाजा बंद था। आवाज देने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो वह पीछे से खिड़की के रास्ते देखा तो शव फंदे के सहारे लटक रहा था। देखते ही वह जोर से चिल्लाने लगा आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। अड्डा बाजार चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी ने बताया कि किशोरी का शव फंदे से लटका मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।