महाविद्यालय में छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास
महराजगंज। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक महाविद्यालय में बीते शुक्रवार को बीएससी द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने गई छात्रा की आंख पर पट्टी बांधकर आरोपितों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस, पीड़ित छात्रा के भाई की तहरीर पर दो नामजद के अलावा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।
घुघली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित महाविद्यालय में बहन को बीएससी द्वितीय वर्ष का परीक्षा दिलाने लाया था। परीक्षा केंद्र पर बहन को छोड़ शहर में साइकिल लेने चला गया। शाम छह बजे उसे पुलिस से सूचना मिली कि बहन को चोट लगी है। अभी महाविद्यालय पहुंचने की तैयारी में जुटा था कि इसी बीच पुलिस से सूचना मिली कि बहन को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। जिला अस्पताल पहुंचा तो बहन ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद बैग बाहर रखकर बाथरूम गई थी। वहां पर पहले से तीन लोग मास्क लगाकर छिपे थे। अभी वह कुछ समझ पाती तभी तीनों ने जबरन उसकी आंख पर पट्टी बांधकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इस दौरान उसने बचाव में एक आरोपी के हाथ पर दांत से काट लिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। कुछ देर बाद जब होश आया तो महाविद्यालय के दाई की मदद से किसी तरह बाथरूम से बाहर निकली।
कोतवाल रवि राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर इस मामले में दो नामजद सहित अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।