गोरखपुर। राजकीय इंटर कॉलेज फरेंदा, महाराजगंज के छात्र-छात्राओं ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने शहर के प्रमुख पर्यटन और ज्ञानवर्धक स्थलों का अवलोकन किया। भ्रमण का मुख्य आकर्षण गोरखपुर चिड़ियाघर रहा, जहां विद्यार्थियों ने विभिन्न वन्यजीवों के रहन-सहन, भोजन, सुरक्षा उपाय और संरक्षण से जुड़ी जानकारियां सीखीं।
चिड़ियाघर के अधिकारियों ने छात्रों को दुर्लभ प्रजातियों, पर्यावरण संतुलन में वन्यजीवों की भूमिका और संरक्षण की आवश्यकता पर जानकारी दी। शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार का भ्रमण छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक समझ भी प्रदान करता है, जिससे उनकी जिज्ञासा और सीखने की क्षमता बढ़ती है। विद्यालय प्रशासन ने छात्रों के अनुशासन और सीखने की उत्सुकता की सराहना करते हुए आगे भी ऐसे शैक्षिक भ्रमण जारी रखने की बात कही। शिक्षक नागेंद्र तिवारी के निर्देशन में छात्रों ने भ्रमण किया।