महराजगंज। कलक्ट्रेट परिसर में बृहस्पतिवार को राष्ट्रवादी जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष जयेन्द्रनाथ के नेतृत्व में डीएम को ज्ञापन सौंपकर रास्ते के अवरुद्ध होने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई। कसमरिया गांव के सुरेन्द्र विश्वकर्मा ने बताया कि उनके मकान के सामने स्थित गाटा संख्या 399 चकरोड खाते में दर्ज है लेकिन रास्ता अवरुद्ध होने से आने-जाने में दिक्कत हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में सात फरवरी को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिस पर लेखपाल को जांच का आदेश हुआ था। आरोप है कि लेखपाल द्वारा गलत रिपोर्ट लगाकर मामले को निस्तारित करने की कोशिश की गई। इसके बाद 16 मई को पुनः शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि पुराने रिपोर्ट के आधार पर मामले को रफा-दफा किया जा सकता है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि गाटा संख्या 399 की पैमाइश कराकर रास्ते का निर्माण कराया जाए ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इस दौरान स्वामीनाथ, सुरेंद्र कुमार, अखिलेश्वर मल्ल और आमनेंद्र कुमार मौजूद रहे।