197 किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का हुआ भुगतान
महराजगंज। सिसवा में चलने वाली आईपीएल चीनी मिल ने किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान के लिए गंभीरता दिखाई है। मिल प्रबंधन ने चार मार्च तक गन्ने की आपूर्ति करने वाले 197 किसानों को 3.92 करोड़ रुपये बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान किया है।
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि किसानों के बकाया गन्ना मूल्य के मानक के मुताबिक भुगतान के लिए मिलों पर निरंतर दबाव बनाया जा रहा है। सिसवा चीनी मिल पर चौदह दिन पूर्व तक का कुल 17.75 करोड़ रुपये का बकाया था, जिसमें से मिल प्रबंधन ने 197 किसानों को 3.92 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। अब भी मिल पर 13.83 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य का भुगतान बाकी है। किसानों के बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान के लिए मिल के जिम्मेदारों को तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
-----
गन्ना बीज की आपूर्ति में गड़बड़ी करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि बुआई के लिए गन्ना बीज खरीदने वाले किसानों को अशुद्ध बीज दिए जाने की बात सामने आने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। गन्ने से ही कुछ किसान की आय होती है, ऐसे में उन्हें शुद्ध बीज उपलब्ध कराने पर ही जोर दिया जाए।