महराजगंज। फर्जी आधार कार्ड निर्वाचन कार्ड जन्म प्रमाणपत्र बनाने वाले आरोपियों पर गैंगस्टर लगा है। इस गैंग का मुख्य सरगना प्रयागराज का राहुल है। इसके अलावा तीन अन्य सदस्य महराजगंज जिले के रहने वाले हैं। विवेचना के दौरान तथ्यों की जानकारी होने पर इन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई हुई है।
जानकारी के अनुसार, फर्जी आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, निर्वाचन आईडी और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने वाले संगठित गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। मुख्य सरगना प्रयागराज निवासी राहुल कुमार बताया जा रहा है। जबकि, गिरोह के तीन सदस्य महराजगंज जिले के रहने वाले हैं। विवेचना के दौरान आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों की पुष्टि होने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।
12 अगस्त 2024 को सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अगया निवासी शिवकुमार, मोहनापुर निवासी संजय कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस गिरोह के मुख्य सरगना की पहचान राहुल कुमार के रूप में की जो प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के सराय पीथा गांव का निवासी है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पनियरा क्षेत्र के चौरीचौरा में स्थित एक सहज जनसेवा केंद्र पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे। इसकी देखरेख विवेक कुमार करता था जो जंगल बड़हरा का निवासी है। आरोपियों की निशानदेही पर साइबर टीम ने सहज जन सेवा केंद्र पर छापा मारा और बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, तीन लैपटॉप, सरकारी मोहरें और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किया था।
इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान किया गया था। लेकिन इस मामले में तीनों आरोपियों को न्यायालय से उन्हें जमानत मिल चुकी है जो बाहर हैं। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि गिरोह लंबे समय से संगठित रूप से धोखाधड़ी और जालसाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। गिरोह की गतिविधियां न केवल साइबर अपराध की श्रेणी में आती हैं, बल्कि समाज में भय का माहौल भी पैदा कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, आम नागरिक इन अपराधियों के खिलाफ गवाही देने से डरते हैं, जिससे इनके खिलाफ कार्रवाई में बाधाएं आती हैं। पुरंदरपुर थाना को मामले की विवेचना सौंपी गई है। जांच को आगे बढ़ाते हुए रविवार को पुलिस ने पनियरा थाना क्षेत्र के जंगल बड़हरा निवासी विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुरंदुरपर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव के अनुसार, यह गिरोह आर्थिक लाभ के लिए फर्जी दस्तावेज बनाता था, जिससे विभिन्न स्तरों पर सरकारी तंत्र को धोखा दिया जा रहा था। गिरोह के आपराधिक इतिहास और संगठित कार्यप्रणाली को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट से गैंग चार्ट की मंजूरी प्राप्त कर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना राहुल कुमार है और उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की विवेचना अभी भी जारी है। जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।