घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र के जंगल जोगियाबारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के मामले में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त 2025 को शाम करीब 4 बजे शारदा देवी के बेटे सागर पर गांव के संदीप, सनोज, जयअम्बे आदि ने गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्के और बेल्ट से हमला कर दिया। इसके बाद रात करीब आठ बजे उक्त आरोपियों सहित अमेरिका गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, हीरा गुप्ता, श्यामनारायण, मिथलेश आदि लगभग 8-10 लोगों ने शारदा देवी के घर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडा, बेल्ट और लात-मुक्कों से शारदा देवी के बेटों आकाश व सागर और भाई रामप्रसाद व पन्नेलाल को बुरी तरह पीटा। पन्नेलाल के सिर पर गहरी चोट आई और खून बहने लगा। शारदा देवी ने थाने में शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बजाय शारदा देवी पर ही केस दर्ज कर लिया गया। शारदा देवी ने 14 नवंबर 2025 को न्यायिक मजिस्ट्रेट फरेन्दा में प्रार्थना पत्र दाखिल कर कार्रवाई की मांग की।
फरेंदा थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी संदीप, सनोज, जयअंबे, अमेरिका गुप्ता, हीरा गुप्ता, राजकुमार, श्यामनारायण, मिथलेश और मिठाई के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।