विरोध-प्रदर्शन करने पर सपा के पूर्व सांसद कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में
समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को बस में भरकर थाने ले गई पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवां (महराजगंज)। कृषि कानून, महंगाई व भ्रष्टाचार आदि के खिलाफ मंगलवार की दोपहर 12 बजे समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद कुंवर अखिलेश सिंह कार्यकर्ताओं के साथ नौतनवां तहसील के पास नारेबाजी करते हुए निकले। नहर पुलिया के पास एसडीएम प्रमोद कुमार, सीओ अजय सिंह चौहान एवं थानाध्यक्ष छोटेलाल के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया और शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए महज चार लोगों के साथ तहसील पहुंचकर ज्ञापन देने की अपील की। पूर्व सांसद व एसडीएम, सीओ के बीच वार्ता के दौरान बात न बनता देख एसडीएम ने सभी को हिरासत में लेने का आदेश दिया। आदेश का पालन करते हुए पुलिस तत्काल प्रभाव से पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक समेत कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सपा कार्यकर्ताओं को थाने पर लाया गया, जिन्हें बाद में निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
पूर्व सांसद कुंवर अखिलेश सिंह ने कहा कि खुद को किसानों का सच्चा हितैषी बताने वाली सरकार अब किसानों को भी पूंजीपतियों के हाथों बेच देना चाहती है। सरकार गरीबी हटाने की बजाए गरीबों को ही हटाने और उन्हें परेशान कर रही है। पूर्व विधायक कुंवर कौशल उर्फ मुन्ना सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार नए-नए कानून लाकर पूंजीपतियों को राष्ट्र का नेतृत्व सौंपने की तैयारी कर रही है।
इस दौरान प्रधान संघ के अध्यक्ष राजू दुबे, नबी अहमद, अश्वनी उर्फ राजू दुबे, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, महेश सिंह, संजय सिंह, रविंद्र उर्फ राजा, तजेंद्र पाल, हबीब खान, संतलाल, सुरेश मणि त्रिपाठी, अमरमणि यादव, रामेश्वर बरनवाल, पप्पू खान, प्रकाश यादव, अशोक, अजय गुप्ता, दिनेश सिंह आदि मौजूद रहे।