महराजगंज। दशहरा पर्व पर तीन दिन तक लगातार छुट्टी होने के चलते शुक्रवार को बड़ी संख्या में परदेशी अपने घर लौटे। रोडवेज बसें खचाखच भरी नजर आईं। आलम यह था कि निजी वाहन भी लोगों को बड़ी मुश्किल से मिलीं।
महराजगंज डिपो पर आने वाली अधिकतर बाहरी बसों में भीड़ दिखी। सर्वाधिक भीड़ गोरखपुर की ओर से आने वाली बसों में रही। डिपो पर पहुंचने के बाद लोग गंतव्य तक जाने के लिए वाहनों की तलाश करते दिखे। अधिकतर लोगों ने वाहनों की समस्या को देखते हुए घर से वाहन मंगाने में भलाई समझी। भीड़ सिर्फ रोडवेज की बसों में ही नहीं विभिन्न रोड पर दौड़ रहे ई-रिक्शा में भी देखी गई।
महराजगंज से घुघली, सिसवां, चिउटहां की ओर जाने वाले लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी क्योंकि इस मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन न होने के कारण प्राइवेट वाहनों का ही सहारा है। इस रूट की ऑटो और मैजिक जैसी गाड़ियों में भी यात्रियों को भीड़ के कारण बैठने में दिक्कत झेलनी पड़ी। महराजगंज रोडवेज के एआरएम सर्वजीत वर्मा ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों की अधिकता के कारण भीड़ देखी गई। हालांकि पर्याप्त संख्या में गोरखपुर रूट पर बसों का संचालन प्रभावी रहा।