खुफिया एजेंसियों ने 24 घंटे की पूछताछ, भाषा बाधक के कारण नहीं मिल सकी कोई जानकारी
नौतनवा। भारत-नेपाल के सीमावर्ती गांव बैरिया बाजार के पगडंडी रास्ते भारतीय सीमा में घुसपैठ करते पकड़ी गई विदेशी महिला के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। महिला ने अपना नाम जे हुआ बताया है।
शुक्रवार की दोपहर विदेशी महिला पगडंडी मार्ग होते हुए नेपाल से नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम बैरिया बाजार में पहुंची थी। एक कार से महिला को गोरखपुर की तरफ रवाना होना था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद युवती को थाने पर लाया गया था। लगातार 24 घंटे खुफिया एजेंसियों की टीम माथापच्ची कर उससे पूछताछ करती रही। इस दौरान महिला के पास से अलग-अलग नाम, पता व जन्मतिथि दर्ज विभिन्न विदेशी पहचान पत्र व संगठन से जुड़े कार्ड एवं थाईलैंड से शॉपिंग की रसीद आदि बरामद हुए लेकिन वीजा और पासपोर्ट नहीं मिला। महिला ने अपना नाम जे हुआ बताया। हालांकि भाषा बाधक बनने के कारण एजेंसी के हाथ कुछ ऐसा प्रमाण नहीं लगा जिससे महिला के चोरी-छिपे भारत में प्रवेश करने का कोई मकसद स्पष्ट हो सके।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि हिरासत में ली गई विदेशी महिला जे हुआ के विरुद्ध विदेशी अधिनियम से संबंधित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भिजवा दिया गया है।