सिसवा बाजार (महराजगंज)। ठाकुर शिवकुमार सिंह स्मारक आठ दिवसीय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के छठवें दिन रविवार को महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज के मैदान पर महिला वर्ग का मुकाबला हुआ। इसमें पथरदेवा स्पोर्टिंग क्लब देवरिया की टीम ने ट्राईब्रेकर में मदर टेरेसा फुटबॉल क्लब सिवान बिहार को 3-2 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
फुटबाल मैच का शुभारंभ शिवकुमार सिंह कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य कुसुम सिंह व मलवरी कान्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्य शुभ्रा सिंह जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया। पथरदेवा स्पोर्टिंग क्लब देवरिया व मदर टेरेसा फुटबाल क्लब सिवान, बिहार के बीच 60 मिनट का मैच खेला गया। प्रतियोगिता में दोनों ही टीम की खिलाड़ियों ने मध्यांतर तक मेहनत कर खूब पसीना बहाया, लेकिन किसी भी तरफ से कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर सकी।
मध्यांतर बाद शुरू हुए खेल में भी दोनों तरफ की खिलाड़ियों ने गोल मारने की कोशिश नाकाम रही। निर्णायक ने दोनों ही टीमों को 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया, लेकिन इसमें भी दोनों टीम गोल नहीं कर पाई। आखिर में ट्राईब्रेकर ने हार जीत का निर्णय लिया। इसमें पथरदेवा स्पोर्टिंग क्लब देवरिया की टीम ने 3-2 से मदर टेरेसा फुटबॉल क्लब सिवान को हराकर फुटबॉल का फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। पुरुष का फाइनल मैच 31 दिसंबर को खेला जाएगा। मैच में रेफरी की भूमिका विनय सिंह व लाइनमैन की भूमिका सत्येंद्र पटेल, राहुल आनंद व शकील अहमद ने निभाई। इस दौरान सुधीर सिंह, दीपक सिंह, शैलेश सिंह, गुड्डू रायनी मौजूद रहे।