नौतनवा। मकर संक्रांति के मौके पर रेलवे प्रशासन ने गोरखनाथ खिचड़ी मेले में जाने के लिए यात्रियों की सुविधा के लिए दो मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन नौतनवा-गोरखपुर रेलखंड पर करने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 13 से 22 जनवरी तक चलेंगी। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गोरखनाथ खिचड़ी मेले के लिए नौतनवा से गोरखपुर तथा गोरखपुर से नौतनवा के लिए दो पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। 13 जनवरी को 05016 मेला स्पेशल ट्रेन रात 8:50 बजे नौतनवा से गोरखपुर के लिए प्रस्थान करेगी जो रात 12:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से 05015 मेला स्पेशल ट्रेन 2:30 बजे नौतनवा के लिए प्रस्थान करेगी जो सुबह 5:15 बजे नौतनवा पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन करने से खिचड़ी मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम ने बताया कि खिचड़ी मेले के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन 13 से 22 जनवरी तक किया जाएगा। संवाद