महराजगंज। खाद्य विभाग की टीम ने मिठौरा, निचलौल, सबया ढाला, सिसवा बाजार आदि क्षेत्रों में मिष्ठान की दुकानों से खोआ, मिठाई, बूंदी के लड्डू और मिल्क केक का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ग्रेड 2 के निर्देश पर शनिवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह, हंसराज प्रसाद, रंजनी मौर्या व रंजन श्रीवास्तव ने निचलौल तहसील के कई विकास खंडों में दुकानों की जांच की। टीम ने मिठौरा ब्लाॅक में मिठाई की दुकान से खोआ, निचलौल ब्लाॅक स्थित दुकान से खोआ और छेना की मिठाई के नमूने लिए। सबया ढाला स्थित मिठाई की दुकान की जांच में आठ किलो दूषित बूंदी के लड्डू मिले, जिसे टीम ने नष्ट करा दिया। सिसवा बाजार स्थित रेस्टोरेंट से मिल्क केक का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया।
सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त ग्रेड 2 टी आर रावत ने बताया कि विभाग की टीम ने निचलौल तहसील क्षेत्र में मिठाई की दुकानों की जांच की। टीम ने चार नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया। अभियान में अब तक कुल 24 नमूना लिए गए हैं।