पानी से घिरा घरोही टोला, मुश्किलों से लोगों की छत पर कट रही पूरी रात
महराजगंज। गांव में छत पर चारपाई या चौकी डालकर आशियाना बना लिया गया है। घरों में पानी भरा होने के कारण रहने के लायक नहीं है। गांव में कहीं ऊंचा स्थान है तो वहां भी लोग ठिकाना बनाकर वक्त गुजार रहे हैं। नौतनवां तहसील क्षेत्र के चकदह गांव के घरोही टोला की यह तस्वीर संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने रविवार को देखी। वहां के लोगों से बातचीत कर उनके दर्द को साझा किया। सभी ने प्रशासन से समुचित मदद नहीं मिलने पर गुस्सा व आक्रोश व्यक्त किया।
सबसे पहले तो गांव में पहुंचने के लिए टीम को दुश्वारियां झेलनी पड़ीं। पानी के तेज बहाव से होकर टीम घरोही टोला पर पहुंची तो पानी के बीच डिब्बा लेकर साधु मिले। उन्होंने बताया कि बाबू बड़ी परेशानी बा, शुद्ध पानी भी मिलल दुश्वार बा। गांव में से ऊंची जगह पर हैंडपंप से पानी भर के ले जात हई। थोड़ा से आगे बढ़ने पर मीना देवी बच्ची को साथ लेकर पानी के बीच अपने घर पर जा रही थीं। वह बोलीं कि गरीब के केहूं पूछनहार नइखे, ए बाबू। यह कहते हुए आगे बढ़ गई। गांव में हरिराम अपने छत पर ठीक ढंग से टेंट बना रखे हैं। उसी में उनकी पूरी घर गृहस्थी है। उन्होंने बताया कि घर में पानी भर गया है। पड़ोस के गांव महुलैना में मेरे रिश्तेदार के घर से भोजन बनकर आया, सुबह घर पर ही भोजन बना है। इन्हीं की तरह से एक घर और मिला। छत पर रीना चारपाई के पास बैठी मिली। उसका भाई विशाल मच्छरदानी के अंदर लेटा हुआ था। प्लास्टिक से बेहतर ढंग से ऊपर कवर किया गया था। इसी तरह से अन्य घरो के लोगों ने छत पर रहने का इंतजाम कर रखा है। गांव के चारो तरफ पानी भरा है। यहां पहुंचने की राह आसान नहीं है।
दिनेश पशुओं के चारे का इंतजाम करते हुए दिखे। इशरावती देवी ने कहा कि प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली है। शुद्ध जल की परेशानी है। गांव में ऊंचे स्थान पर जहां हैंडपंप है, वहीं से पानी लेकर काम चलाया जा रहा है। दिनेश भी अपने मवेशियों की देखभाल करते हुए दिखे। पानी से होकर आते हुए गोविंद टीम के सदस्यों को देकर मुस्कुरा कर बोले कि गांव की वास्तविक तस्वीर दिखाई जिससे प्रशासन की नींद खुले।
इन लोगों ने बताया कि पूर्व प्रधान अब्दुल सत्तार के पुत्र तबारक ने भूजा एवं बिस्कुट वितरित की है। बातचीत के दौरान ही करीब 1 बजे स्टीमर से सीओ नौतनवां कोमल प्रसाद मिश्र, इंस्पेक्टर राजेश पांडेय, गांव प्रधान वीरेंद्र एवं हियुवा जिला नरसिंह पांडेय गांव में पहुंचे। लोगों को पूडी एवं सब्जी का पैकेट वितरित कर हाल जानने की कोशिश की। गांव से आते समय रास्ते में गोविंद मिले। वह अपनी पत्नी रंगला की दवा कराने जा रहे थे। ग्राम पंचायत सदस्य रामहरख ने टीम का मार्ग दर्शन किया। पानी के बीच रास्ता दिखाते हुए टीम को ऊंचे स्थान पर पहुंचाकर बोले राम राम भैया फिर आइएगा।