नौतनवा। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम सभा मुड़िला में मंगलवार को दो बाइकों में भिड़ंत में दोनों वाहनों पर सवार एक युवती समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी नौतनवा में भर्ती कराया गया।
बताया गया कि हेलमेट न लगाने के कारण कुछ लोगों को गंभीर चोटें आईं। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक बाइक पर सवार होकर शिवप्रसाद एवं लक्ष्मी निवासी सिंहोरवा किसी काम से मुड़िला जा रहे थे। वहीं सुदीप व आलोक कुमार निवासी छपवा एवं सरजू निवासी भिलरहवा नेपाल नौतनवा के चंडीथान से बाइक से छपवा लौट रहे थे।
अभी दोनों वाहन सवार मुड़िला स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे थे कि अचानक इनमें जोरदार टक्कर हो गई। घटना में दोनों वाहनों पर सवार पांचों व्यक्ति गिरकर जख्मी हो गए। उन्हें सीएचसी नौतनवा पहुंचाया गया।
चिकित्साधीक्षक डॉ. अमित राव गौतम ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद आलोक कुमार एवं लक्ष्मी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अग्रिम इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।