घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा मुंडेरी का मामला
शनिवार की रात में संदिग्ध परिस्थतियों में हो गई थी शिवानी की मौत
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा मुंडेरी में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या व प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज की है। विवाहिता की मां की तहरीर पर यह कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, पिपरा मुंडेरी निवासी शिवानी (22) पत्नी सुनील चौधरी की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पुलिस को फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना पर पीआरवी व थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की मां रंभावती देवी पत्नी दीनानाथ निवासी परसामीर थाना सिंदुरिया ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शिवानी की शादी करीब एक वर्ष पूर्व सुनील चौधरी के साथ हुई थी लेकिन ससुराल पक्ष शादी से खुश नहीं था। आरोप है कि पति द्वारा लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती थी और मांग पूरी न होने पर शिवानी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 16 मई को सास, ससुर, जेठ और जेठानी ने मिलकर दहेज की मांग को लेकर मारपीट की और गला दबाकर शिवानी की हत्या कर दी। शिवानी की मां की तहरीर के आधार पर थाना घुघली में पति सुनील चौधरी, ससुर पूर्णवासी चौधरी, सास विद्रावती देवी, जेठ सोनू चौधरी और जेठानी परमिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी गई है।