सोनौली। नेपाल के चितवन जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित पटाखों की तस्करी के आरोप में दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये मूल्य के विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
चितवन जिला पुलिस कार्यालय के एसपी रामेश्वर पौडेल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 41 वर्षीय संजय शाह और 29 वर्षीय राज जायसवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने संजय को कालिका के पदमपुर स्थित किराये के कमरे से, जबकि राज को भरतपुर के बहराघरे स्थित किराये के कमरे से गिरफ्तार किया।
पुलिस दोनों आरोपियों से पटाखों की खरीद और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। एसपी ने बताया कि छठ पर्व तक सुरक्षा जांच अभियान जारी रहेगा। इस दौरान पटाखों और विस्फोटक पदार्थों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।