सोनौली। भारत-नेपाल की सोनौली सीमा पर वाहनों की लंबी कतार और जाम की समस्या से निपटने के लिए मंगलवार को कस्टम, एसएसबी और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। सीमा शुल्क कार्यालय में आयोजित व्यापार सुविधा बैठक में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और आयात-निर्यात प्रक्रिया को तेज करने पर चर्चा की गई।
बैठक में नो मेंस लैंड क्षेत्र में वाहनों की जांच में लगने वाले समय को कम करने और प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। खाली वाहनों और आयातित मालवाहक ट्रकों की लंबी कतारों को देखते हुए निर्धारित लेन में वाहनों का संचालन सुनिश्चित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर सहमति बनी। बैठक में व्यापारियों को सीमा पर होने वाली परेशानियों पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने कहा कि सीमा पर व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने के साथ यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना भी जरूरी है, ताकि मालवाहक वाहनों के साथ आम यात्रियों और पर्यटकों को जाम से परेशानी न हो। वहीं, अवैध आयात-निर्यात और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सीमा शुल्क के सहायक आयुक्त सुधीर त्यागी, अधीक्षक संजय मिश्रा, एसएसबी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव और सोनौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विशाल शुक्ला मौजूद रहे। इसके अलावा कस्टम हाउस एजेंट नरेंद्र कुमार, संतोष श्रीवास्तव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।