नौतनवा। कस्बे के जानकी नगर वार्ड स्थित पड़ाव में शनिवार की रात कपड़े की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दुकान में रखा कपड़ा व अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
नौतनवा कस्बे के राजेंद्र नगर वार्ड निवासी विंध्याचल मद्धेशिया की जानकी नगर वार्ड स्थित पड़ाव में कपड़े की दुकान है। शनिवार की रात करीब 11.30 बजे दुकान से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ। आसपास के लोगों ने देखा तो शोर मचाया और दुकानदार को सूचना दी। आसपास के लोग शटर खोलकर नगर पालिका की पानी की टंकी से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। दुकानदार विंध्याचल मद्धेशिया का कहना है कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। संवाद