पिपरा मौनी चौराहे पर होटल पर लगी आग को बुझााते ग्रामीण।
भठ्ठी से उठी आग की चपेट में आकर जला ढाबा, ग्राहकों ने भागकर बचाई जान
फरेंदा। फूस की झोपड़ी में संचालित ढाबा में भट्ठी से बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे आग लग गई। आग की चपेट में आकर ढाबे का सामान जल कर राख हो गया। आग से ढाबा संचालक को हजारों रुपये का नुकसान हो गया है।
गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर पिपरामौनी (विधायक चौराहा) स्थित ढाबे में बृहस्पतिवार की शाम करीब 6 बजे आग लग गई। इस ढाबे का संचालन थाना क्षेत्र के हरमंदिर निवासी बुद्धरतन करते हैं। ढाबा में खाना बनाते समय भट्ठी पर कड़ाही का तेल गिरने से आग की लपट उठने लगीं। इनसे ढाबे के फूस में आग लग गई। आग लगते ग्राहक जान बचाकर भागने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। ढाबा कर्मियों का शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। साथ ही फायरब्रिगेड को भी सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड व ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक अधिकांश सामान जलकर राख हो चुके थे। पीड़ित ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।