कोल्हुई। शादी का झांसा देकर युवती से यौन शोषण कर शादी से इनकार करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़िता युवती की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि आरोपी युवक शादी का वादा कर उसकी बेटी का लंबे समय तक यौन शोषण करता रहा। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी करने के लिए कहा तो आरोपी ने पहले टालमटोल किया फिर शादी करने से मना कर दिया।
पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक सिद्धार्थनगगर के उस्का थाना क्षेत्र का रहने वाला है। इस संबंध में एसओ कोल्हुई कुंअर गौरव सिंह का कहना है कि पीड़िता की मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।