महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखिमा थरूआ निवासी नरसिंह शुक्ला ने बताया कि 27 जुलाई को उनके भाई हरिशंकर शुक्ला अपनी बाइक से उनकी माता मीरा देवी को इलाज के लिए गोरखपुर ले जा रहे थे। शाम करीब चार बजे जब वे पिपरा बाबू स्थित मेडिकल स्टोर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही बाइक के चालक ने तेज गति से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हरिशंकर शुक्ला और उनकी माता सड़क पर गिर गए। हादसे में मीरा देवी के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के पुत्र नरसिंह शुक्ला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।