फरेंदा। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के करमहवा बुजुर्ग गांव निवासी इंद्रजीत उर्फ लोट दास की तहरीर पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इन सभी पर मारपीट, तोड़फोड़, चोरी व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप है।
इंद्रजीत ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह ग्राम देवीपुर कला में नदी किनारे गंगवार जमीन पर कुटी बनाकर रहते हैं। कुटी के आसपास उन्होंने फलदार पौधे भी लगाए हैं। आरोप है कि कुटी के दक्षिण स्थित खेत में आरोपितों ने गहरा गड्ढा खोदना शुरू कर दिया। विरोध करने पर एक जून की शाम एकराय होकर लाठी-डंडे से मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की।
शोर सुनकर पत्नी के मौके पर पहुंचने पर उनके साथ भी मारपीट किया गया। आरोपितों ने कुटी में रखा सामान तोड़ दिया और करीब 1.70 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। घटना की सूचना पुरंदरपुर थाने में देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रामकेवल यादव, रामकेश विश्वकर्मा, अवनीश समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।